उत्तर प्रदेश

यूपी राज्य गन्ना प्रतियोगिता 2025-26 का रिजल्ट जारी

गन्ना विकास विभाग ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए राज्य गन्ना प्रतियोगिता का परिणाम जारी किया है। प्रतियोगिता में किसानों ने विभिन्न श्रेणियों में अपनी गन्ना उपज के आधार पर हिस्सा लिया था।

शीघ्र पौधा संवर्ग में हरदोई के रूपापुर निवासी अमर सिंह ने 2,430 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की उपज के साथ पहला स्थान हासिल किया। पीलीभीत के सुखदीप सिंह दूसरे और शाहजहांपुर के कौशल कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

पेड़ी संवर्ग में शामली के एरेटी निवासी देवेंद्र ने 1,998.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। सहारनपुर के सुधीर दूसरे और बागपत के अनुज पंवार तीसरे स्थान पर रहे।

सामान्य पौधा संवर्ग में शाहजहांपुर के कौशल कुमार ने 1,725.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ पहला स्थान हासिल किया। बुलंदशहर के सुधीर सिंह और जितेंद्र कुमार क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

ड्रिप विधि से सिंचाई वाले पौधा संवर्ग में बिजनौर के अक्षांश सिंह ने 2,068.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ प्रथम पुरस्कार जीता। बुलंदशहर के महावीर दूसरे और रतनपाल सिंह तीसरे स्थान पर रहे।

ड्रिप विधि से सिंचाई-पेड़ी संवर्ग में शामली के इंद्रपाल सिंह ने 1,865 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। बिजनौर के समरजीत सिंह दूसरे और मुजफ्फरनगर की राकेशवती तीसरे स्थान पर रहीं।

युवा गन्ना किसान पौधा संवर्ग में मुजफ्फरनगर के नितिन चौधरी ने 1,690.50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। बिजनौर के श्रेय विशेष सिंह दूसरे और मुजफ्फरनगर के निकित कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

युवा गन्ना किसान पेड़ी संवर्ग में शामली के उज्जवल देशवाल 1,507 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन के साथ पहले स्थान पर रहे। शामली के अमित कुमार दूसरे और जितेंद्र तीसरे स्थान पर रहे।

सभी प्रथम पुरस्कार विजेताओं को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पाने वाले किसानों को 31 हजार रुपये और तृतीय स्थान वाले किसानों को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार किसानों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिया जाएगा। कुशीनगर, बस्ती और महराजगंज के चयनित किसानों को पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

राज्य गन्ना प्रतियोगिता का उद्देश्य किसानों को बेहतर उत्पादन तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। राज्य सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ने की विभिन्न प्रजातियों के राज्य परामर्शित मूल्य भी निर्धारित किए थे।

Related Articles

Back to top button