
अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। शुक्रवार शाम अपर सुबनसिरी और दिबांग घाटी जिलों में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सेना के पांच जवान लापता हैं। प्रशासन, सेना और बचाव दल राहत एवं तलाश अभियान में जुटे हुए हैं।
अपर सुबनसिरी जिले में केओजारिंग-ब्याचिंग सड़क निर्माण स्थल पर भारी भूस्खलन हुआ। मलबे की चपेट में आने से कई लोग दब गए। अधिकारियों के अनुसार हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश और राहत कार्य में जुटा है।
दूसरी ओर, दिबांग घाटी जिले के पासु पानी सेना कैंप में अचानक आई बाढ़ से 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर बह गए। बाढ़ के तेज बहाव में सात सैन्यकर्मी बह गए थे, जिनमें से दो को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच जवान अभी भी लापता हैं।
लापता जवानों की तलाश के लिए सेना की खोज एवं बचाव टीमें तैनात की गई हैं। ITBP, GREF, अरुणाचल प्रदेश पुलिस, SDRF और स्थानीय स्वयंसेवक भी संयुक्त रूप से अभियान में सहयोग कर रहे हैं। खराब मौसम और कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमों के सामने चुनौती बनी हुई है।
लगातार बारिश के कारण अरुणाचल प्रदेश के कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा रहा है और लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता लापता पांच जवानों की तलाश और प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाना है।




