उत्तर प्रदेश

लखनऊ दुबग्गा फ्लाईओवर: 20 खंभों की पाइलिंग पूरी, काम तेज

राजधानी लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की टीम ने अब तक करीब 20 खंभों की पाइलिंग पूरी कर ली है। इस फ्लाईओवर को कुल 44 खंभों पर तैयार किया जाना है।

करीब 1811.72 मीटर लंबे और दो लेन वाले इस फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 305.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। फ्लाईओवर को मेट्रो के एलिवेटेड रूट के ऊपर से निकाला जाएगा और दोनों संरचनाओं के बीच करीब साढ़े पांच मीटर की दूरी रखी जाएगी।

निर्माण कार्य में मंडी परिषद और वन विभाग की जमीन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सेतु निगम के अनुसार पिलर संख्या छह से 22 तक वन विभाग की जमीन पर, जबकि 22 से 35 तक के पिलर मंडी परिषद की जमीन पर बनाए जाएंगे। बाकी पिलर आईआईएम रोड की ओर होंगे।

यह फ्लाईओवर एल-शेप में बनाया जा रहा है। इसका एक सिरा बुद्धेश्वर चौराहे यानी कानपुर की ओर से आने वाली सड़क से उठेगा और दुबग्गा होते हुए आईआईएम रोड से सीधे हरदोई रोड की तरफ उतरेगा। परियोजना पूरी होने के बाद कई प्रमुख मार्गों के बीच आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सेतु निगम के मुताबिक फ्लाईओवर बनने से पांच लाख से अधिक लोगों को राहत मिल सकती है और दुबग्गा क्षेत्र में लगने वाले जाम को कम करने में मदद मिलेगी। निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए करीब दो वर्ष की समयसीमा बताई गई है।

Related Articles

Back to top button