सेवा संकल्प अभियान: 17 सितंबर से यूपी में जनसेवा अभियान, स्वास्थ्य योजनाओं पर फोकस

उत्तर प्रदेश सरकार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। सरकार का उद्देश्य इस अभियान को केवल जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय जनसेवा से जोड़ना है, ताकि जरूरतमंद और पात्र नागरिकों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सके।
अभियान की तैयारियों को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। अभियान की निगरानी के लिए विशेष सचिव स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य दिया गया है और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित करने की भी योजना है।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगी। इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण के साथ रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा शाम सात बजे स्वास्थ्य केंद्रों पर ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण कार्यों और बदलावों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
25 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया, टीकाकरण, महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के जरिए भी स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की योजना है।
सरकार विकासखंडों और नगरीय निकायों में पांच से सात दिन के बहुउद्देशीय सेवा शिविर और स्वास्थ्य मेले आयोजित करने की भी तैयारी कर रही है। इन शिविरों में आयुष्मान योजना, अस्पतालों की नई सुविधाओं, मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य, गंभीर बीमारियों के उपचार, टीकाकरण, कैंसर और टीबी स्क्रीनिंग तथा डिजिटल हेल्थ सेवाओं से जुड़ी जानकारी लोगों को दी जाएगी।
अभियान का एक प्रमुख लक्ष्य सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए जिला स्तर पर नियमित समीक्षा होगी और शासन स्तर से भी अभियान की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। इस व्यवस्था से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर रहेगा।
‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनसंपर्क और जनसेवा से जोड़ने की तैयारी ऐसे समय में की जा रही है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी देशभर में सेवा आधारित कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। यूपी में स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए इसे जमीनी स्तर तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।




