UPITS 2026: डेयरी सेक्टर में ₹695 करोड़ का निवेश

UPITS-2026 में दुग्धशाला विकास विभाग को डेयरी क्षेत्र के निवेशकों से ₹695.18 करोड़ के प्रस्ताव मिले हैं। इन प्रस्तावों के जरिए राज्य के अलग-अलग जिलों में डेयरी और दूध से जुड़े कारोबार का विस्तार किया जाएगा। विभाग के मुताबिक इससे 2,500 से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बन सकते हैं।
इनमें Ace International Limited का प्रस्ताव सबसे बड़ा है। कंपनी हाथरस, अलीगढ़ और आगरा में कुल ₹457 करोड़ का निवेश करने की योजना बना रही है। इस परियोजना से करीब 1,500 युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रस्ताव है।
वहीं Carebro Innovators Pvt. Ltd. ने अयोध्या, लखनऊ, मेरठ और बरेली में ₹100 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी के प्रस्ताव के अनुसार इससे 250 से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सकता है।
यह निवेश प्रस्ताव उत्तर प्रदेश डेयरी डेवलपमेंट एंड मिल्क प्रोडक्ट प्रमोशन पॉलिसी-2022 के तहत सामने आए हैं। राज्य की आधिकारिक डेयरी निवेश वेबसाइट के अनुसार नीति का उद्देश्य डेयरी उद्योग में निवेश बढ़ाने, दूध प्रसंस्करण क्षमता का विस्तार करने, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर पैदा करना है।
UPITS-2026 में डेयरी सेक्टर से जुड़े कई प्रमुख ब्रांड और कंपनियां भी शामिल हुईं। इनमें पराग-अमूल, नमस्ते इंडिया, पारस डेयरी, ज्ञान डेयरी, न्यू एरा डेयरी, अल्फा मिल्क फूड्स और सीपी मिल्क जैसे नाम शामिल हैं।




