iPhone से महिला की निजी तस्वीरें भेजने का आरोप, भारतीय मूल का युवक ICE हिरासत में

यह मामला 7 जून का बताया जा रहा है। महिला ग्राहक ऑस्टिन के कैपिटल प्लाजा शॉपिंग सेंटर स्थित टोटल वायरलेस स्टोर पर अपने iPhone की नेटवर्क सेटिंग बदलवाने पहुंची थी। आरोप है कि स्टोर कर्मचारी राहुल आनंदकृष्णन ने फोन का पासकोड मांगा और सेटिंग बदलने के बजाय उसकी फोटो गैलरी खोल ली।
अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, आरोपी ने ग्राहक के फोन से दो निजी तस्वीरें Apple के AirDrop फीचर के जरिए अपने डिवाइस पर भेजने की कोशिश की। महिला ने आरोप लगाया कि कर्मचारी फोन लेकर स्टोर के पिछले हिस्से में चला गया था। बाद में उसे पता चला कि उसकी दो निजी तस्वीरें AirDrop के जरिए कर्मचारी के डिवाइस पर भेजी गई थीं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारी ने उसके Snapchat अकाउंट को एक्सेस किया और खुद को उसमें जोड़ लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने कर्मचारी को अपनी फोटो गैलरी या सोशल मीडिया अकाउंट देखने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद महिला ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को दिए गए बयान में आनंदकृष्णन ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसे फोन की केवल नेटवर्क सेटिंग देखने की अनुमति थी, निजी तस्वीरें या अन्य जानकारी देखने की नहीं। उसने जांचकर्ताओं को बताया कि तस्वीरों का ट्रांसफर नहीं हो पाया था। हालांकि, महिला की शिकायत और मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई हुई।
शुरुआत में आरोपी पर बिना अनुमति निजी तस्वीरों तक पहुंच बनाने और कंप्यूटर सिक्योरिटी ब्रीच से जुड़े आरोप लगाए गए थे। बाद में उसे ‘अटेम्प्टेड इनवेसिव विजुअल रिकॉर्डिंग’ के मामले में दोषी ठहराया गया और उसने टेक्सस की काउंटी जेल में सजा काटी। इसके बाद ICE ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।
फिलहाल राहुल आनंदकृष्णन इमिग्रेशन कोर्ट की कार्यवाही पूरी होने तक ICE की हिरासत में रहेगा। अमेरिकी अधिकारियों ने अभी उसके इमिग्रेशन मामले की आगे की तारीखों या संभावित फैसले को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी है। यह मामला मोबाइल फोन की मरम्मत या सेटिंग बदलवाने के दौरान निजी डेटा की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े करता है।