उत्तर प्रदेश

आपदा से निपटने को हर जिले में तैयार होंगे प्रशिक्षित नागरिक, यूपी में एक लाख से अधिक सिविल डिफेंस स्वयंसेवक तैयार: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित एयर रेड-ब्लैक आउट मॉकड्रिल-26 कार्यक्रम में शामिल हुए

लखनऊ, 22 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा, दुर्घटना या राष्ट्र के सामने किसी भी प्रकार का संकट आने पर नागरिक किंकर्तव्यविमूढ़ न रहें, बल्कि प्रशिक्षित और जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इसके लिए प्रदेश में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। आपदा कभी बताकर नहीं आती और न ही कोई तिथि देखकर आती है। प्रत्येक नागरिक को संकट की परिस्थितियों से निपटने के लिए सजग, सतर्क और प्रशिक्षित रहना आवश्यक है। आपदा के समय सही निर्णय, समय पर सूचना और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया अनेक लोगों की जान बचा सकती है। किसी भी संकट की स्थिति में एक जागरूक नागरिक फर्स्ट रिस्पॉन्डर (प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता) की भूमिका निभा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि वह साहसी होने के साथ अनुशासित और उचित प्रशिक्षण प्राप्त हो। नागरिक सुरक्षा की कार्यपद्धति के पीछे समाज और राष्ट्र के प्रति निष्काम सेवा तथा समर्पण की भावना होनी चाहिए। जब कोई व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ के अपने सामाजिक और राष्ट्रीय उत्तरदायित्व का निर्वहन करता है, तभी वह प्राकृतिक आपदा, मानवीय संकट या किसी अन्य विपत्ति के समय प्रभावी भूमिका निभा सकता है। ये बातें मुख्यमंत्री ने रविवार को लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित एयर रेड-ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-26 के दौरान कही।

*1962 से 2017 तक कुछ जिलों तक सीमित रहा नागरिक सुरक्षा संगठन*
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद देश में आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा संगठन का गठन किया गया था। हालांकि, उत्तर प्रदेश में वर्ष 1962 से लेकर 2017 तक यह संगठन केवल कुछ गिने-चुने जनपदों तक ही सीमित रहा। पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के पराक्रम और देश की सुरक्षा से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश के सभी 75 जनपदों में नागरिक सुरक्षा संगठन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में प्रदेश के 60 जनपदों में नागरिक सुरक्षा संगठन का गठन हो चुका है। इन जिलों में जिलाधिकारी संगठन के नियंत्रक के रूप में कार्य कर रहे हैं। साथ ही सभी 60 जनपदों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए हेड सायरन भी पहुंचाए जा चुके हैं। यह व्यवस्था युद्ध, प्राकृतिक आपदा और आंतरिक संकट जैसी परिस्थितियों में नागरिकों को समय रहते सतर्क करने में सहायक होगी।

*एक लाख से अधिक स्वयंसेवक बने सुरक्षा की अतिरिक्त दीवार*
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में अब तक 1,01,362 स्वयंसेवक नागरिक सुरक्षा के इस अभियान से जुड़ चुके हैं। ये स्वयंसेवक किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को अतिरिक्त मजबूती देने के साथ समाज की सामूहिक शक्ति के रूप में काम करेंगे। आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी है कि आपदा आने से पहले तैयारी करना। हमारी तैयारी ऐसी होनी चाहिए कि प्रदेश का कोई भी जनपद, गांव या नगर निकाय आपदा प्रबंधन की व्यवस्था से अछूता न रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 1,08,627 नागरिकों, स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स और होमगार्ड के जवानों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण का स्तर ऐसा होना चाहिए कि स्वयंसेवक किसी भी प्रकार की चुनौती का सामना करने में सक्षम हों और आपदा के कारण होने वाली जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने नागरिक सुरक्षा के मास्टर ट्रेनर्स को भी विशेष प्रशिक्षण दिया है।

*मॉक ड्रिल से परखी जाएगी तैयारियों की हकीकत*
मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉक ड्रिल केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि आपदा से निपटने की तैयारियों की वास्तविक परीक्षा है। इससे पता चलता है कि हमारी व्यवस्था कितनी तत्पर है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। आपदा के समय सही निर्णय, सही समय पर सूचना और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया के माध्यम से बड़े नुकसान को टाला जा सकता है। लखनऊ में आयोजित मॉक ड्रिल जैसे अभ्यास प्रदेश के प्रत्येक जनपद में नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। इसके लिए अलग-अलग आपदाओं और परिस्थितियों के अनुसार अभ्यास की कार्ययोजना तैयार करनी होगी। बाढ़, भूकंप, आगजनी, आतंकी घटनाओं और युद्ध जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए अलग-अलग प्रकार के मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि संबंधित एजेंसियां और नागरिक हर स्थिति के लिए तैयार रहें।

*पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड के साथ होगा समन्वय*
सीएम योगी ने कहा कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, यूपी पुलिस, पीएसी और होमगार्ड के जवानों का नियमित प्रशिक्षण और आपसी समन्वय भी जरूरी है। इन सभी एजेंसियों को एक साथ अभ्यास करना चाहिए, जिससे वास्तविक संकट के समय राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। प्रदेश में पर्व और त्योहारों की लंबी श्रृंखला के दौरान जब 25 करोड़ की आबादी उत्सवों में शामिल होती है, तब पुलिस और होमगार्ड के जवान पूरी तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। इसी प्रकार बाढ़ या अन्य आपदा के समय पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी की फ्लड यूनिट और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक मिलकर संकट का सामना करते हैं और नुकसान को न्यूनतम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
*नियमित अभ्यास से मजबूत होगा आम नागरिक का भरोसा*
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। इससे आम नागरिक का विश्वास मजबूत हुआ है। इस विश्वास को और सशक्त बनाने के लिए मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आगे बढ़ाना होगा। आपदा आने के बाद तैयारी शुरू करने के बजाय पहले से ही संसाधनों, प्रशिक्षित स्वयंसेवकों और समन्वित व्यवस्था को तैयार रखना होगा। संकट के समय कुआं नहीं खोदा जाता। इसलिए प्यास लगने से पहले ही तैयारी होनी चाहिए। प्रदेश सरकार का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए जन-धन की हानि को रोका जा सके।

इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा के मंत्री धर्मवीर प्रजापति, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, अमरीश कुमार, उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार, डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button