भारत-US ट्रेड डील पर पीयूष गोयल ने सुनाई बच्चन की कविता, बोले- मन का न हो तो और भी अच्छा

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर जारी बातचीत के बीच केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हरिवंश राय बच्चन की कविता की पंक्तियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘मन का हो तो अच्छा, मन का न हो तो और भी अच्छा।’ गोयल ने बताया कि दुनिया में व्यापार से जुड़ी कई ऐसी परिस्थितियां बनीं, जो भारत की इच्छा के मुताबिक नहीं थीं, लेकिन देश ने इन चुनौतियों को अपनी विकास यात्रा के लिए अवसर में बदलने का प्रयास किया।
पीयूष गोयल के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील अब अंतिम चरण में पहुंच रही है। अमेरिकी टैरिफ प्रस्तावों के बीच दोनों देश व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के लिए बातचीत कर रहे हैं। मंत्री ने यह भी उम्मीद जताई कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर हो सकते हैं और यह मार्च या अप्रैल 2027 तक लागू हो सकता है।