योगी सरकार में मीरजापुर के विकास को मिली रफ्तार, 19 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
चौबे घाट पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं, टांडा में कूड़ा निस्तारण परियोजना और विंध्याचल में बनेगा उत्सव भवन

लखनऊ, 29 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर विशेष जोर दे रही है। इसी क्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने मीरजापुर भ्रमण के दौरान नगर पालिका परिषद क्षेत्र में लगभग 19 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से शहर में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही स्वच्छता, धार्मिक पर्यटन और नगरीय अवस्थापना को मजबूती मिलेगी।
मंत्री एके शर्मा ने चौबे घाट पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर बैठक व्यवस्था की सौगात दी। इसके साथ ही विद्युत शवदाह गृह के निर्माण से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और अंतिम संस्कार के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, टांडा में कूड़ा निस्तारण परियोजना और विंध्याचल में उत्सव भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। कूड़ा निस्तारण परियोजना से ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी, जबकि उत्सव भवन स्थानीय लोगों के सामाजिक, सांस्कृतिक और मांगलिक आयोजनों के लिए उपयोगी होगा।
इस दौरान मंत्री एके शर्मा ने विसुंदरपुर और फतहां में नवनिर्मित बारात घरों का लोकार्पण भी किया। इससे मध्यम और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुलभ स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मीरजापुर जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले नगरों में विकास और आस्था के समन्वय से जनसुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। जनहित के विकास कार्यों के माध्यम से प्रदेश सरकार जनविश्वास को और अधिक मजबूत कर रही है।