सेवा संकल्प अभियान शुरू, PM मोदी के 25 साल पर यूपी में महीने भर होंगे कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों, विकास कार्यों और जनसेवा गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने के साथ ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से नागरिकों को जोड़ने की योजना है।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम सात बजे घरों और प्रतिष्ठानों पर दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके अलावा अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शिल्पकारों को टूलकिट वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
‘मेरे सपनों का भारत: चित्र सेवा’ के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं ‘सेवा की कहानी’ के तहत लाभार्थियों के जीवन में आए बदलावों को डिजिटल माध्यम और रील्स के जरिए प्रस्तुत करने की योजना है। अभियान में आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम, सेवा शिविर, सांस्कृतिक गतिविधियां और युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज भी शामिल हैं।
अभियान के दौरान ‘सेवा सेतु’ के तहत विकासखंड और नगरीय निकाय स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सुविधाएं और जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है। 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा।




