यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में चमकेगा बांदा का शजर पत्थर

बांदा का शजर पत्थर अपनी प्राकृतिक आकृतियों और अनूठी सुंदरता के लिए जाना जाता है। जिला प्रशासन के अनुसार शजर पत्थर बांदा का ओडीओपी उत्पाद है और इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से आभूषण व हस्तशिल्प तैयार करने में किया जाता है।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में शजर स्टोन के लिए दो विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर स्थानीय कारीगरों की ओर से तैयार की गई कलाकृतियां प्रदर्शित होंगी। इसके साथ ही बांदा की पारंपरिक बालूशाही और सोहन हलवा सहित स्थानीय उत्पाद भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाएंगे।
इस वर्ष यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा। आयोजन में ओडीओपी, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण और एमएसएमई समेत कई क्षेत्रों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
ट्रेड शो में स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को देश-विदेश के खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। ऐसे में बांदा के शजर पत्थर को नए बाजार और संभावित व्यापारिक संपर्क मिलने की संभावना है।




