यूपी ट्रेड शो 2026 में काशी के 45 उद्यमी दिखाएंगे बनारसी हुनर
काशी की सदियों पुरानी कला और शिल्प परंपरा अब ग्लोबल बाजार तक पहुंचने की तैयारी में है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में वाराणसी के 45 उद्यमियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें ओडीओपी, एमएसएमई, जीआई उत्पाद, एक जिला एक व्यंजन और मुख्यमंत्री युवा योजना से जुड़े उद्यमी शामिल हैं।
ट्रेड शो में बनारसी सिल्क साड़ी, गुलाबी मीनाकारी, लकड़ी के खिलौने और सॉफ्ट स्टोन जाली वर्क जैसे पारंपरिक उत्पाद आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके साथ ही बाजार की मांग के अनुरूप तैयार किए जा रहे आधुनिक उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होगा।
काशी के स्वाद की भी ट्रेड शो में खास मौजूदगी रहेगी। बनारसी पान के साथ लौंगलता और तिरंगी बर्फी जैसे स्थानीय व्यंजन भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके जरिए काशी के पारंपरिक स्वाद और उत्पादों को देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
ट्रेड शो का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, उद्यमियों और निर्माताओं को घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ना है। काशी के लिए यह मंच पारंपरिक हुनर के साथ आधुनिक कारोबारी उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा।




