जापान में यूपी के बौद्ध सर्किट की ब्रांडिंग, टूर पैकेज पर जोर
टोक्यो में होने वाले Tourism EXPO Japan 2026 में उत्तर प्रदेश अपने बौद्ध पर्यटन सर्किट को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के सामने पेश करेगा। इस दौरान सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती, कपिलवस्तु, कौशांबी और संकिसा को जोड़कर भगवान बुद्ध के जीवन से संबंधित प्रमुख स्थलों की यात्रा को एक सर्किट के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
जापानी पर्यटकों को उत्तर प्रदेश के बौद्ध स्थलों तक आकर्षित करने के लिए जापान के टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल कंपनियों से सीधा संवाद किया जाएगा। नए और सुविधाजनक टूर पैकेज तैयार करने पर जोर रहेगा, ताकि इन छह स्थलों को जापानी यात्रियों की यात्रा योजनाओं में शामिल किया जा सके।
एक्सपो में पर्यटन के साथ निवेश को भी प्रमुखता दी जाएगी। होटल, हॉस्पिटैलिटी, वेलनेस और अन्य पर्यटन सुविधाओं के क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं जापानी निवेशकों के सामने रखी जाएंगी। यूपी के बौद्ध सर्किट में पर्यटन इकाइयों के लिए निवेश प्रस्ताव भी दर्ज किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश की प्रस्तुति में बौद्ध स्थलों के अलावा अयोध्या, वाराणसी, आगरा, लखनऊ, ब्रज, वन्यजीव एवं ग्रामीण पर्यटन, खानपान और हस्तशिल्प को भी शामिल किया जाएगा। इस पहल के जरिए प्रदेश के पर्यटन स्थलों को जापान के बाजार से जोड़ने और पर्यटन सहयोग को आगे बढ़ाने पर फोकस रहेगा।



