उत्तर प्रदेश

Lucknow Crime: प्रेम-प्रसंग में युवक को गोली

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में रविवार सुबह प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में युवक को गोली मारने की घटना सामने आई। फेलिक्स स्क्वायर के सामने युवक सड़क किनारे घायल हालत में मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

घायल युवक की पहचान आदर्श सिंह (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आदर्श का जौनपुर की रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। शनिवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मामला आगे बढ़ा।

रिपोर्ट के अनुसार, रविवार सुबह युवती के एक परिचित ने आदर्श को फोन कर फेलिक्स स्क्वायर पर बातचीत के लिए बुलाया। आरोप है कि वहां स्विफ्ट कार से चार लोग पहुंचे और बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसके बाद आदर्श के साथ मारपीट की गई और उसके पैर में गोली मारकर आरोपी फरार हो गए।

इस मामले में युवती के दोस्त समर्थ यादव और समर्थ के मित्र अमन सिंह के अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की पहचान और घटना की परिस्थितियों की जांच के लिए मोबाइल नंबरों तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के मुताबिक, मामले की जांच के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपितों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button