इंस्पायर अवॉर्ड मानक में यूपी अव्वल, 30,127 छात्रों ने भेजे आइडिया

इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना में उत्तर प्रदेश से अब तक 30,127 छात्रों ने अपने नए और उपयोगी विचार भेजे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार राजस्थान 24,424 और बिहार 16,346 नामांकन के साथ इसके बाद हैं। प्रदेश के 75 जिलों में लखनऊ सबसे आगे है, जबकि मंडल स्तर पर भी लखनऊ मंडल का नामांकन सर्वाधिक है।
केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इस योजना के लिए 15 जुलाई से आवेदन लिए जा रहे हैं और अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित है। स्कूलों के माध्यम से विद्यार्थियों के आइडिया पोर्टल पर भेजे जाते हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित एक लाख विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस राशि से विद्यार्थी अपने विचारों पर मॉडल या विज्ञान प्रोजेक्ट तैयार कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनियों में अपने मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।
राष्ट्रीय स्तर पर चुने गए शीर्ष 60 प्रोजेक्ट के विद्यार्थियों को IIT और NIT जैसे संस्थानों के वैज्ञानिकों से मार्गदर्शन मिलने के साथ उनके प्रोजेक्ट का पेटेंट कराने की प्रक्रिया में भी सहायता दी जाती है।




