उत्तर प्रदेश

सुशांत गोल्फ सिटी के 2747 प्लॉट पर बड़ा अपडेट, LDA नहीं करेगा रजिस्ट्री रद्द

सुशांत गोल्फ सिटी में प्लॉट खरीदने वाले आवंटियों के लिए राहत की खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अंसल द्वारा बेचे गए 2747 बंधक भूखंडों की रजिस्ट्री निरस्त नहीं करने का फैसला किया है। इससे उन आवंटियों को राहत मिलेगी, जिनकी संपत्ति की रजिस्ट्री को लेकर असमंजस बना हुआ था।

एलडीए के अनुसार, अंसल प्रॉपर्टी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने टाउनशिप के विकास कार्यों की गारंटी के तौर पर कुल 3489 भूखंड बंधक रखे थे। इनमें से 2747 भूखंड बेच दिए गए थे। अब इन भूखंडों को अवमुक्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

सुशांत गोल्फ सिटी के अर्द्ध-विकसित और अविकसित क्षेत्रों में विकास कार्य एलडीए की ओर से पूरे कराए जाएंगे। सेक्टर और पॉकेट के अनुसार पूर्णता प्रमाण पत्र जारी होने के बाद अनुपातिक रूप से बंधक भूखंडों को मुक्त किया जाएगा। परियोजना को पूरा करने का प्रस्ताव एलडीए नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) के समक्ष भी प्रस्तुत करेगा।

इस फैसले से उन भू-स्वामियों को भी आगे की प्रक्रिया में राहत मिलने की संभावना है, जिन्होंने अपनी संपत्ति के लिए भुगतान किया है और रजिस्ट्री या विकास कार्य से संबंधित समस्याओं का सामना कर रहे हैं। एलडीए ने टाउनशिप के विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button