उत्तर प्रदेश

यूपी में हर हफ्ते भर्ती इवेंट, 6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियां

उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों और नियुक्तियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश में हर सप्ताह एक बड़ा भर्ती इवेंट आयोजित किया जाएगा।

रविवार को लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में 912 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इससे एक दिन पहले 818 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 22 सितंबर को भी नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम होगा।

सरकार के अनुसार, अगले छह महीनों में पुलिस, होमगार्ड और विभिन्न भर्ती आयोगों से जुड़ी चयन प्रक्रियाओं के जरिए नियुक्तियों का सिलसिला आगे बढ़ेगा। अगस्त में भी मुख्यमंत्री ने छह महीने के भीतर एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने की घोषणा की थी।

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता पर भी जोर दिया। उनके अनुसार भर्ती आयोगों और बोर्डों को प्रक्रिया पूरी करने में लगने वाला समय कम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति मिल सके।

Related Articles

Back to top button