यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगा बनारसी चाट से लखनवी कबाब का स्वाद

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक स्वाद देखने को मिलेंगे। ‘यूपी का स्वाद’ थीम के तहत फूड कोर्ट में कई जिलों के लोकप्रिय व्यंजन प्रस्तुत किए जाएंगे।
लखनऊ के गलौटी कबाब, टुंडे कबाब और लखनवी बिरयानी के साथ वाराणसी का बनारसी पान, टमाटर चाट और कुल्हड़ चाय आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा कानपुर की दही-जलेबी, आगरा का पेठा, मथुरा का पेड़ा, प्रयागराज की चाट, बलिया की लिट्टी-चोखा और मेरठ की रेवड़ी-गजक भी फूड कोर्ट में शामिल रहेंगी।
ट्रेड शो में ‘यूपी की खाऊ गली’ के जरिए प्रदेश के विभिन्न अंचलों के खानपान को एक ही परिसर में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ना तथा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रदर्शित करना है।
इस आयोजन में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का विशेष फूड स्टॉल भी रहेगा, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार किए जाने वाले खाद्य उत्पादों और व्यंजनों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे स्थानीय आजीविका समूहों को अपने उत्पादों को व्यापक मंच पर पेश करने का अवसर मिलेगा।




