पीएम मोदी करेंगे लखनऊ आईटीआई के तीन मेधावियों को सम्मानित, 21 नवंबर को समारोह

लखनऊ के तीन मेधावी आईटीआई प्रशिक्षुओं को 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित होने का अवसर मिलेगा। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले कौशल दीक्षा समारोह में ये प्रशिक्षु अपनी राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि के लिए सम्मान प्राप्त करेंगे। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अलीगंज के इन युवाओं ने तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है।
इनमें सीतापुर रोड स्थित श्रीनगर के शाहबाज खान शामिल हैं। उन्होंने क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम के इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड की परीक्षा में 750 में से 745 अंक हासिल कर अखिल भारतीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया। उनका लक्ष्य आईटीआई में अनुदेशक बनकर युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है।
गोरखपुर की प्रतिभा ने सीआईटीएस के इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में 750 में से 745 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, फैजुल्लागंज के अब्दुल मोबिन ने मैकेनिक डीजल ट्रेड की परीक्षा में 600 में से 599 अंक हासिल कर सेंट्रल जोन से अखिल भारतीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया। तीनों की सफलता में नियमित अभ्यास, मेहनत और व्यावहारिक प्रशिक्षण की अहम भूमिका रही।
इस बार कौशल दीक्षा समारोह की मेजबानी पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ को मिली है। केंद्र सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के चयनित आईटीआई टॉपर शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मान मिलने से इन युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।