68500 शिक्षक भर्ती: RLD कार्यालय के बाहर अभ्यर्थियों ने लगाई झाड़ू, जयंत चौधरी से मांगा न्याय

उत्तर प्रदेश की 68500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों का मामला एक बार फिर चर्चा में है। लंबे समय से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने गुरुवार को लखनऊ स्थित राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। विरोध जताने के लिए अभ्यर्थियों ने कार्यालय के बाहर झाड़ू लगाई और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, अभ्यर्थी पिछले 80 दिनों से लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे हैं। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी RLD कार्यालय पहुंचे। उनका कहना है कि 2018 की शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर नहीं किया गया है, जिसके कारण पात्र अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिल सकी है।
क्या हैं अभ्यर्थियों की मांगें?
धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने मांग की कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के आदेशों और संस्तुतियों का अनुपालन कराया जाए। अभ्यर्थियों ने भर्ती का संशोधित परिणाम जारी करने, पात्र उम्मीदवारों को नियुक्ति देने और कथित विसंगतियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अभ्यर्थी आशुतोष वर्मा के अनुसार, 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई थी, जिसमें माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी भी मौजूद थीं। उस बैठक में लंबित मामले पर मुख्यमंत्री स्तर से निर्णय लेने की बात कही गई थी। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
आश्वासन नहीं, नियुक्ति की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे कई मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्या उठा चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक केवल आश्वासन मिले हैं। धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि अब अभ्यर्थियों को आश्वासन के बजाय नियुक्ति के रूप में न्याय चाहिए। प्रदर्शन में महिला अभ्यर्थियों ने भी परिणाम संशोधित कर नियुक्ति देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों को बसों के जरिए वापस ईको गार्डन धरनास्थल भेज दिया। अभ्यर्थियों ने साफ किया कि आरक्षण विसंगति दूर होने और नियुक्ति मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।